गांधीजी के विचारों को आत्मसात करे युवा पीढ़ी — मुख्यमंत्री


 जयपुर, 23 नवम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि युवा पीढ़ी को आज गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने की सख्त जरूरत है। 


उन्होने आज एक समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ ताकतें हमारी नई पीढ़ी को गुमराह करने के कुत्सित प्रयास कर रही है। ऐसे में सर्वधर्म समभाव के गांधीजी के विचार आज बहुत प्रासंगिक है।
 


उन्होंने कहा कि गांधीजी का व्यक्तित्व और उनके विचारों को खजाना हर व्यक्ति तक पहुंचाने की आज महती आवश्यकता है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में गांधीमय माहौल बने और नई पीढ़ी उनके विचारों से ज्यादा से ज्यादा प्रेरणा ले। 


गहलोत ने कहा कि गांधीजी के विचार प्रदेश के कौने-कौने में पहुंचे, इसके लिए राज्य सरकार ने महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती समारोह को अगले एक वर्ष तक मनाने का फैसला किया है।