तकनीकी प्रतिभा और संवैधानिक कर्तव्यों को आचरण में लाकर आगे बढ़ें 

 

 

जयपुर, 29 फरवरी। राज्यपाल  कलराज मिश्र ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा तकनीकी प्रतिभा और संविधान प्रदत्त कर्तव्यों को आचरण में लाकर आगे बढ़ें।

 

मिश्र राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को यहां कूकस में शंकरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित 20वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (साइट-2020) में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। 

 

देश के 17 प्रदेशों से आए युवाओं का स्वागत करते हुए राज्यपाल मिश्र ने कहा कि युवाओं में आत्मनिर्भरता का भाव जगने पर कोई देश हमारा मुकाबला नहीं कर सकता है। तकनीकी कॉलेज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रतिभा के बल पर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। अपने इनोवेटिव आईडियाज के माध्यम से नई-नई चीजें खड़ी कर स्वयं उद्यमी बन रहे हैं। छोटी-छोटी पूंजी से भी नए उद्यम खड़े कर रहे हैं। कौशल विकास के आधार पर युवा सक्षम बन रहा है। राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि हम संविधान के अनुसार चलकर ही देश को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हमारा मार्गदर्शक है। हमारा मूल ग्रन्थ है।