चण्डीगढ़, 15 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के आढ़तियों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के राज्य सरकार के प्रयासों का समर्थन करें।
मुख्यमंत्री आज यहां ‘हरियाणा आज’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन अवधि के दौरान किसानों की सुविधा के लिए सरसों की खरीद के लिए पिछले साल की तुलना में इस बार मंडियों की संख्या 66 से बढ़ाकर 143 की गई है।
उन्होंने कहा कि खरीद के पहले दिन आज मंडियों में अपनी फसलों को बेचने के लिए लगभग 7000 किसानों को बुलाया गया था।
उन्होंने कहा कि आढ़ती प्रत्येक खरीद केंद्र पर जाकर किसानों की फसल की खरीद में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और किसानों को उनकी फसल बेचने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संकट के इस समय में प्रदेश सरकार और आढ़तियों के संयुक्त प्रयास खरीद प्रक्रिया को किसानों और मजदूरों के लिए निश्चित रूप से आसान बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कई बार हमें आवश्यकता के बजाय महत्व को देखते हुए निर्णय लेना होता है, गरीबों की मदद करना इस समय हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसलिए मैं समाज के हर वर्ग से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और एकजुट होकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ें।