परवन को मिले राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा


जयपुर, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य की महत्वाकांक्षी परवन वृहद् बहुद्देशीय सिंचाई परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग की है।


 परवन परियोजना से प्रदेश के तीन जिलों में 2.01 लाख हैक्टेयर कमाण्ड क्षेत्र और 1821 गांवों को पेयजल सुविधा के साथ-साथ उद्योगों के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। 


गहलोत ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने पूर्व में 16 विभिन्न बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजनाओं को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिया है, लेकिन राजस्थान की किसी भी बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना को यह दर्जा प्राप्त नहीं हुआ है। 


राज्य मंत्रिमंडल ने भी परवन परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने के लिए केन्द्र सरकार से अनुरोध किया है। करीब 7 हजार 355 करोड़ रूपए की लागत वाली इस परियोजना से बारां, झालावाड़ एवं कोटा जिलों में 2 लाख हैक्टेयर से अधिक भूमि पर सिंचाई क्षमता तथा 1821 गांवों को पेयजल पहुंचाने का प्रस्ताव है।