जयपुर, 28 दिसम्बर। देश के आजादी में कांग्रेस संगठन के नेताओं ने अपनी महत्ति भूमिका का निर्वहन किया
और आज वर्तमान स्वरूप में भारत के गठन से लेकर विश्व महाशक्ति की ओर अग्रसर होते भारत
में कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू, स्व. श्रीमती इन्दिरा गाँधी, स्व. राजीव गाँधी, स्व. पी.वी. नरसम्हिा
राव, स्व. लाल बहादुर शास्त्री जैसे नेताओं की दूरगामी सोच तथा ठोस
निर्णयों का अहम योगदान रहा है।
राजस्थान
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज कांग्रेस पार्टी
के 136वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की प्रगति एवं उन्नति में किसानों का भी योगदान है परन्तु वर्तमान
भाजपा की केन्द्र सरकार जो आर.एस.एस. की बैशाखी पर चलती है, ने उन्हें तीन काले कानून लाकर सर्द रातों में सडक़ों पर आंदोलन
करने के लिए मजबूर कर रखा है। उन्होंने कहा कि जो धरतीपुत्र देश के प्रत्येक वर्ग की
भूख को शांत करने के लिए जीतोड़ मेहनत कर अन्न उगाता है उसे आज अपने अधिकारों एवं जमीन
की रक्षा के लिए उग्र होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार सत्ता
के दम्भ में किसानों की दशा पर विचार करने की बजाए घडिय़ाली आंसू बहाकर सहायता राशि
बांटने का मरहम लगाने की कोशिश कर रही है, परन्तु धरतीपुत्र उनके झूठे वादों एवं प्रलोभनों में अब नहीं आने वाला है उन्हें
देश के किसानों का अहित करने वाले तीन काले कानूनों को वापस लेना ही पड़ेगा।
कांग्रेस स्थापना दिवस
के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गाँधी भवन, स्टेशन रोड़, जयपुर पर पार्टी ध्वज फहराया तथा उपस्थित
कांग्रेसजनों को प्रतिज्ञा दिलाई और सभी कांग्रेसजनों को कांग्रेस स्थापना दिवस की
शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात् प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जयपुर स्थित शहीद स्मारक
तक किसान विरोधी तीन काले कानूनों के खिलाफ निकाली गई तिरंगा यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर
रवाना किया गया।
अखिल भारतीय कांग्रेस
कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त जिला, ब्लॉक एवं नगर मुख्यालयों पर कांग्रेसजनों द्वारा तिरंगा यात्रा, फ्लैग मार्च, संगोष्ठी कार्यक्रम सम्पन्न हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आज अखिल भारतीय
कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोश्यल मीडिया कैम्पने ‘‘सेल्फी विद् फ्लैग’’में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया गया।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा समस्त जिला मुख्यालयों पर निकाली जा रही ं ‘‘किसान संघर्ष यात्रा’’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जुबेर खान, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान, सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी, मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, मुमताज मसीह, पूर्व सांसद अश्कअली टाक सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित
रहें।