निकाय चुनाव में कांग्रेस को शानदार बहुमत

 


जयपुर, 31 जनवरी।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  गोविन्द सिंह डोटासरा ने प्रदेश के 20 जिलों की 90 नगर निकायों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर  कहा कि प्रदेश की जनता ने राजस्थान सरकार द्वारा लिए गए जनकल्याणकारी फैसलों, कोरोना काल में किए गए प्रबन्धन व पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं संगठन द्वारा की गई मेहनत व जनसेवा  है।


डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने का कुप्रयास करती रही और राजस्थान की जनता ने निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 1197 वार्डों में जीत दिलाकर भारतीय जनता पार्टी की जमीन को खिसका दिया। उन्होंने कहा कि विगत् चुनावों में भाजपा के 60 निकायों में प्रमुख थे और 07 फरवरी को होने वाले अध्यक्षीय चुनाव में भाजपा को आधी निकाय में भी बहुमत नहीं मिल पायेगा, जबकि कांग्रेस 50 से ज्यादा बोर्ड बनाने की ओर अग्रसर है।


उन्होंने कहा कि राज्य में जब से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी है उसके बाद आहूत  नवम्बर-2019 के 49 निकाय चुनाव में से 35 में, नवम्बर-2020 के 50 निकाय चुनावों में से 36 निकायों में कांग्रेस पार्टी ने बोर्ड बनाया था तथा 6 नगर निगम में से 4 निगमों में कांग्रेस बोर्ड बनाने में सफल रही और हाल ही में जनवरी-2021 के आहूत 90 निकाय चुनाव में से 50 से ज्यादा निकायों में कांग्रेस पार्टी बोर्ड बनाने जा रही है उनमें से कई नगर निकाय जैसे राजसमन्द  में 20 वर्षों में पहली बार कांग्रेस बोर्ड बनाने जा रही है। जो राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं व कांग्रेस संगठन की मेहनत पर आमजन की मोहर है।