राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन ही उनका संदेश है। मुख्यमंत्री

जयपुर, 23 नवम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन ही उनका संदेश है। 



   


उन्होने कहा कि नई पीढ़ी को उनकी जीवनी पढ़ने की आवश्यकता है। गांधीजी के संदेश घर-घर पहुंचे और युवा पीढ़ी तक सत्य, अहिंसा और भाईचारे के उनके विचारों को पहुंचाया जा सके, इसके लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रूपये का अलग से बजट प्रावधान किया है। हमारा प्रयास है कि एक शानदार संग्रहालय और गांधी आश्रम स्थापित हो, जहां देश-विदेश के पर्यटक आकर गांधीजी के जीवन दर्शन के बारे में ज्यादा से ज्यादा जान सकें।
 


गहलोत शनिवार को यहां बजाज नगर स्थित राजस्थान खादी ग्रामोद्योग संस्था संघ परिसर में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2019-20 एवं गांधी म्यूजियम के उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2 माह के अल्प समय में अच्छा म्यूजियम बनाया गया है और मुझे उम्मीद है कि इसके माध्यम से गांधीजी के विचारों को हमारी युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।