भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध

 

 

जयपुर, 29 फरवरी। जलदाय एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार समस्त विभागों में भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पहली बार भर्तियों की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक माह नियमित रूप से स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही है। इसके सुपरिणाम भी सामने आने लगे हैं। परीक्षा परिणाम जल्दी जारी हो रहे हैं, परिणाम आने के बाद नियुक्ति देने की समयावधि को न्यूनतम किया जा रहा है। राज्य सरकार का पूर्ण प्रयास है कि निकट भविष्य में कम से कम प्रशासनिक सेवाओं की भर्ती कलैण्डर के आधार पर समयबद्ध तरीके से हो।

 

डॉ. कल्ला शुक्रवार को विधानसभा में मांग संख्या 4 (जिला प्रशासन) एवं मांग संख्या 5 (प्रशासनिक सेवाएं) तथा मांग संख्या 15 (पेंशन एवं अन्य सेवा निवृत्ति लाभ) की अनुदान मांगों पर हुई बहस का जवाब दे रहे थे। चर्चा के बाद सदन ने जिला प्रशासन की 5 अरब, 61 करोड़ 89 लाख 74 हजार रूपये एवं प्रशासनिक सेवाएं की 2 अरब, 72 करोड़ 76 लाख 37 हजार रूपये तथा पेंशन एवं अन्य सेवा निवृत्ति लाभ की 233 अरब, 91 करोड़ 70 लाख 5 हजार रुपये की अनुदान मांगें ध्वनिमत से पारित कर दी।