देश में लोकतंत्र विकसित हो रहा है। 

जयपुर, 29 फरवरी। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष एवं सी.पी.ए, राजस्थान शाखा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने समापन सत्र में अपने उद्बोधन में कहा कि देश में लोकतंत्र विकसित हो रहा है। 


उन्होने कहा कि संसदीय लोकतंत्र की मूल आत्मा पार्टी है। पाटियों द्वारा अपनी विचारधारा के अनुसार ही जनता के सामने अपने प्रतिनिधियों को चुनाव के लिए प्रस्तुत किया जाता है। जनता सिद्धान्तों के आधार पर जनप्रतिनिधियों का चुनाव करती है। 
डा जोशी ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ राजस्थान शाखा के तत्वावधान में संविधान की दसवीं अनुसूची के अन्तर्गत अध्यक्ष की भूमिका के संबंध में शनिवार को राजस्थान विधानसभा में आयोजित एक दिवसीय सेमिनार के समापन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे ।


पार्टी की जिम्मेदारी होती है कि उनके प्रतिनिधि पार्टी की नीतियों के प्रति जिम्मेदार और समर्पित रहे। वहीं वे जिस सदन के सदस्य है उसके नियमों का भी पालन करें। अध्यक्ष की परिकल्पना 10 वीं अनुसूची से पहले की है। विधानसभा के नियम और कानून बने हुए हैं। यदि कोई नियम और कानून का पालन नही करता है तो अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है । उन्होंने कहा कि अध्यक्षीय अधिकार को और ताकतवर या कमजोर किया जाए यह आने वाले समय में निर्णय होगा।