कांग्रेस ने एकता की माला में पिरोया है।


 जयपुर, 02 मार्च।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में विभिन्न भाषाओं और शैली के लोग हैं, सभी लोगों को सम्मिलित करते हुए कांग्रेस पार्टी ने देश के विकास के लिए रीति-नीति बनाकर सभी को एकता की माला में पिरोया है।


पायलट राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ‘‘बुनियादी प्रशिक्षण-संयोजक शिविर’’ में आज कहा कि आज देश का माहौल किस तरह से खराब किया जा रहा है आप सभी इसे भलीभांति रूप से जानते है, इस आधुनिक युग में नौजवानों के पास इतिहास सीखने के लिए व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी है, जिसमें देश का इतिहास और कांग्रेस पार्टी का इतिहास तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि देश और समाज बदल गया है आज का युवा क्या सोचता है, क्या समझता है इसके बारे में हमें कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता की कुशलता का प्रमाण पत्र उसके क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का चुनाव में जो प्रत्याशी हो उसकी हार और जीत पर निर्भर होता है।