जयपुर, 27 दिसम्बर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 28 दिसम्बर को 136वें कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान प्रदेश
कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रात: 11 बजे पार्टी का ध्वज फहरायेंगे ।। इसके पश्चात् कांग्रेस मुख्यालय से जयपुर
स्थित शहीद स्मारक तक किसान विरोधी तीन काले कानूनों के खिलाफ "तिरंगा यात्रा" निकाली जाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में कांग्रेस
स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त जिला, ब्लॉक एवं नगर मुख्यालय पर कांग्रेसजनों द्वारा तिरंगा यात्रा, फ्लैग मार्च, संगोष्ठी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में प्रदेशभर
के कांग्रेसजनों द्वारा सेल्फी विद् फ्लैग के माध्यम से सोश्यल मीडिया पर अभियान चलाया
जाएगा जिसमें सभी कांग्रेसजन पार्टी ध्वज के साथ अपनी सेल्फी लेकर सोश्यल मीडिया पर
डालेंगे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा केन्द्र की भाजपा सरकार
के तीन काले कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों की बात को और अधिक बल देने के लिए
28 दिसम्बर, 2020 से 30 दिसम्बर, 2020 तक विधानसभावार किसान संवाद कार्यक्रम ‘‘जय जवान-जय किसान’’ आयोजित किया जा रहा
है। कार्यक्रम के अन्तर्गत राज्य सरकार के मंत्रीगण तथा किसान हस्ताक्षर अभियान से
जुड़े प्रभारियों द्वारा अलवर, भरतपुर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, नागौर एवं सीकर जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुँचकर
राज्य सरकार की उपलब्धियों, काले कृषि कानूनों
की जानकारी हेतु ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक, प्रेस वार्ता तथा जन-जागरण अभियान चलाएंगे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा 28 दिसम्बर से सम्पूर्ण प्रदेशभर में ‘‘किसान संघर्ष यात्रा’’ का आयोजन किया जा रहा
है जो समस्त जिला मुख्यालयों पर जाकर किसानों को केन्द्र सरकार के तीन काले कानूनों
की हकीकत के बारें में अवगत करवाएगी। ‘‘किसान संघर्ष यात्रा’’ को राजस्थान प्रदेश
कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा प्रात: 11.30 बजे प्रदेश
कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गाँधी भवन, स्टेशन रोड़, जयपुर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जाएगा।